रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ की रिलीज का असर अब बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की कई फिल्मों पर साफ दिखाई दे रहा है। बड़े स्तर पर बन रही इस फिल्म के साथ बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचने के लिए कई निर्माता अपनी फिल्मों की रिलीज डेट बदल रहे हैं।
हाल ही में खबर आई थी कि यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ और हॉलीवुड प्रोजेक्ट ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’ की रिलीज भी आगे बढ़ा दी गई है। अब इसी कड़ी में अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर अभिनीत फिल्म ‘डकैत: अ लव स्टोरी’ की रिलीज डेट भी टाल दी गई है।
पहले यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने अब इसकी नई रिलीज डेट घोषित कर दी है। ताजा जानकारी के मुताबिक ‘डकैत: अ लव स्टोरी’ अब 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म को कुछ हफ्तों के लिए आगे बढ़ाने का फैसला इसलिए लिया गया है ताकि इसे बॉक्स ऑफिस पर बेहतर स्पेस मिल सके और बड़ी फिल्मों के साथ टकराव से बचा जा सके।
‘डकैत: अ लव स्टोरी’ एक एक्शन-रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म के जरिए सिनेमैटोग्राफर शेनेल देव निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। फिल्म की कहानी भी अदिवी शेष ने ही लिखी है।
फिल्म की कहानी एक ऐसे गुस्सैल कैदी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पूर्व प्रेमिका से बदला लेना चाहता है। उसे लगता है कि उसकी प्रेमिका ने उसके साथ धोखा किया है। कहानी आगे बढ़ने के साथ दोनों के रिश्ते की सच्चाई और उनके बीच आई दरार के पीछे की वजह सामने आती है।
गौरतलब है कि शुरुआत में इस फिल्म में अभिनेत्री श्रुति हासन को कास्ट किया जाना था, लेकिन क्रिएटिव मतभेदों के कारण उन्होंने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली। इसके बाद फिल्म में मृणाल ठाकुर की एंट्री हुई।
अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि ‘धुरंधर 2’ के जबरदस्त क्रेज के बीच ‘डकैत’ अप्रैल में बॉक्स ऑफिस पर कितना असर छोड़ पाती है।