अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 क्रिकेट में तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत में ऑलराउंडर शिवम दुबे ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अंतिम ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे।
फाइनल जीत के बाद जहां पूरा देश जश्न में डूबा था, वहीं टीम के हीरो शिवम दुबे को कुछ ही घंटों बाद चुपचाप घर लौटने की जुगत लगानी पड़ी। दरअसल, अहमदाबाद से मुंबई जाने के लिए उन्हें फ्लाइट का टिकट नहीं मिल पाया, जिसके बाद उन्होंने ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार सुबह दुबे को जल्द से जल्द मुंबई पहुंचना था क्योंकि उनके चार साल के बेटे अयान और दो साल की बेटी मेहविश घर पर उनका इंतजार कर रहे थे। फ्लाइट उपलब्ध न होने के कारण उन्होंने अपनी पत्नी अंजुम और एक दोस्त के साथ अहमदाबाद-मुंबई सयाजी एक्सप्रेस से सफर किया। तीनों ने थर्ड एसी कोच में टिकट बुक कराया।
दुबे ने बताया कि भीड़ और फैंस की नजरों से बचने के लिए उन्होंने अपनी पहचान छुपाने की पूरी कोशिश की। उन्होंने टोपी, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहन ली, वहीं ट्रेन में कंबल ओढ़कर बैठे रहे ताकि कोई उन्हें पहचान न सके।
सुबह 5:10 बजे की ट्रेन होने के कारण उन्हें उम्मीद थी कि स्टेशन पर ज्यादा भीड़ नहीं होगी, लेकिन टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाने पहुंचे कई फैंस भारतीय जर्सी पहनकर स्टेशन पर मौजूद थे। ऐसे में दुबे ने अपनी योजना बदल दी।
उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी से कहा कि वह ट्रेन छूटने से पांच मिनट पहले तक कार में ही इंतजार करेंगे और फिर सीधे ट्रेन में चढ़ेंगे। इस तरह उन्होंने बिना ज्यादा ध्यान आकर्षित किए ट्रेन पकड़ ली।
यात्रा के दौरान जब कुछ यात्रियों को शक हुआ कि कहीं वह शिवम दुबे तो नहीं हैं, तो उनकी पत्नी ने भी चतुराई से बात टाल दी। इस तरह भारतीय टीम के इस स्टार खिलाड़ी ने सादगी और चुपके से घर लौटकर अपने परिवार के साथ जीत की खुशी साझा की।