सिडनी में बढ़ती नाव-कारवां पार्किंग पर सख्ती, नगर परिषद ने पड़ोसियों को दी शिकायत की छूट

सिडनी में बढ़ती नाव-कारवां पार्किंग पर सख्ती, नगर परिषद ने पड़ोसियों को दी शिकायत की छूट

सिडनी के उत्तरी समुद्री तट (Northern Beaches) पर अब गली-मोहल्लों में लंबे समय तक नाव, ट्रेलर और कारवां खड़े करने वालों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। स्थानीय नगर परिषद ने इस गंभीर होती समस्या पर अंकुश लगाने के लिए अब आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों की शिकायत स्वयं करें – यानी पड़ोसी की शिकायत पड़ोसी ही करे।

बीते एक साल से यह मुद्दा नगर परिषद की प्रमुख चुनौतियों में शामिल रहा है। कारवां और नावों को महीनों तक गलियों में खड़ा छोड़ देने से न केवल दृश्य बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। इसी के चलते हाल ही में परिषद की बैठक में एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ, जिसमें राज्य सरकार से Road Rules 2014 और Road Transport Act 2013 की समीक्षा की मांग की गई है।

क्या कहा परिषद ने?

परिषद अब ऐसा तंत्र बनाना चाहती है जिससे लोग इन वाहनों की "अनुचित पार्किंग" की ऑनलाइन रिपोर्ट कर सकें। इसके लिए वेबसाइट फॉर्म, सोशल मीडिया और सामुदायिक न्यूज़लेटर के माध्यम से जानकारी साझा की जाएगी।

काउंसलर विंसेंट डी लूका ने बताया, “बड़ी नावें सड़क पर खड़ी होने से दृश्य बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ये अब सार्वजनिक सुरक्षा का मामला बन गया है।”

सड़कों पर जगह की लड़ाई

सिर्फ Northern Beaches ही नहीं, बल्कि Randwick और Cremorne जैसे क्षेत्रों में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पिछले वर्ष रैंडविक परिषद ने लगभग 5 किलोमीटर के इलाके में नावों और कारवां की पार्किंग पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं क्रेमोर्न की एक महिला निवासी, जिनके पास गैरेज नहीं है, ने गैर-कार वाहनों पर सख्त नियमों की मांग को लेकर याचिका दायर की है।

क्या है कानून?

न्यू साउथ वेल्स सहित अधिकांश राज्यों में सड़क पर नाव, ट्रेलर या कारवां को 28 दिनों तक एक ही स्थान पर खड़ा रखना कानूनी रूप से मान्य है। लेकिन इसके बाद वाहन को सड़क के अगले खंड में स्थानांतरित करना जरूरी होता है, नहीं तो $660 का जुर्माना लग सकता है।

आंकड़ों की बात करें तो...

ऑस्ट्रेलिया में कारवां और कैंपरवैन के रजिस्ट्रेशन पिछले दशक में लगातार बढ़े हैं। वर्तमान में देशभर में 9 लाख से अधिक ऐसे वाहन सड़कों पर मौजूद हैं – जिससे स्थिति और जटिल हो गई है।