बेंगलुरु:
जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने यौन उत्पीड़न और बलात्कार के गंभीर मामले में दोषी करार दिया है। शुक्रवार को जैसे ही अदालत ने फैसला सुनाया, कोर्टरूम में मौजूद प्रज्वल रेवन्ना फफक कर रो पड़े।
विशेष अदालत ने स्पष्ट किया कि उनकी सजा का ऐलान शनिवार, 2 अगस्त को किया जाएगा। अदालत सांसदों और विधायकों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए गठित की गई थी।
प्रज्वल रेवन्ना पर एक घरेलू सहायिका ने अप्रैल 2024 में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि 2021 से रेवन्ना ने उसके साथ बार-बार रेप किया और चुप रहने के लिए धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
यह मामला उस समय और भी गंभीर हो गया जब सोशल मीडिया पर रेवन्ना से जुड़े 2000 से ज्यादा अश्लील वीडियो वायरल हुए, जिनमें कथित तौर पर कई महिलाओं का यौन शोषण होते दिख रहा था। इन वीडियो के सामने आने के बाद उनके खिलाफ कुल चार आपराधिक मामले दर्ज किए गए।
रेवन्ना को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था और वह तब से अब तक लगभग 14 महीने जेल में ही हैं। उन्होंने जमानत के लिए कई बार कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
हाल ही में उन्होंने कर्नाटक हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे न्यायमूर्ति एस.आर. कृष्ण कुमार ने यह कहते हुए लौटा दिया कि उन्हें पहले निचली अदालत का रुख करना चाहिए। इसके बाद उन्होंने विशेष अदालत में दोबारा याचिका दायर की, जिसे न्यायाधीश संतोष गजानन भट ने खारिज कर दिया।
कोर्ट अब शनिवार को यह तय करेगी कि प्रज्वल रेवन्ना को कितनी सजा दी जाएगी। चूंकि मामला बेहद गंभीर है और डिजिटल साक्ष्य भी भारी मात्रा में मौजूद हैं, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अदालत इस पर क्या फैसला सुनाती है।