मुंबई।
टी20 विश्व कप 2026 के दौरान शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया भारत और अमेरिका के बीच ग्रुप मुकाबला सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह भारत-अमेरिका के बढ़ते खेल और कूटनीतिक रिश्तों का भी प्रतीक बन गया। इस अहम मुकाबले को देखने भारत में अमेरिका के राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशिया के विशेष दूत सर्जियो गोर विशेष रूप से वानखेड़े पहुंचे।
मैच से पहले आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह और शानदार आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया, जिसका आनंद सर्जियो गोर ने भी उठाया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह, उद्योगपति मुकेश अंबानी और नीता अंबानी भी मौजूद रहे। अमेरिकी राजदूत ने इन सभी से मुलाकात कर बातचीत की। कार्यक्रम में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज और टी20 विश्व कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर रोहित शर्मा की भी मौजूदगी रही।
राष्ट्रगान के समय सर्जियो गोर जय शाह के साथ खड़े नजर आए और दोनों देशों के प्रति सम्मान प्रकट किया। इसके बाद गोर सीधे अमेरिकी टीम के डगआउट पहुंचे और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा था कि वह टी20 विश्व कप मैच के लिए मुंबई पहुंचे हैं और यह अमेरिका की टीम के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक दिन है।
मैच की बात करें तो भारत ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और शुरुआती ओवरों में ही अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल जैसे अहम बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए।
हालांकि, एक छोर पर सूर्यकुमार यादव डटे रहे और उन्होंने दबाव में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सूर्यकुमार ने 49 गेंदों पर 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाए और भारतीय पारी को संभालते हुए टीम को 20 ओवर में नौ विकेट पर 161 रन तक पहुंचाया। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने भी उपयोगी योगदान दिया, लेकिन वे अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। अमेरिका निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने मुकाबला 29 रन से जीतकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।
भारत और अमेरिका के बीच यह सिर्फ दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। इससे पहले दोनों टीमें 2024 टी20 विश्व कप में आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। मौजूदा टूर्नामेंट में दोनों टीमें ग्रुप-ए में शामिल हैं, जिसमें पाकिस्तान, नीदरलैंड और नामीबिया जैसी टीमें भी मौजूद हैं।
वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिकी राजदूत की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि क्रिकेट अब सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि देशों के बीच रिश्तों को मजबूत करने का जरिया भी बन रहा है। भारत की जीत के साथ-साथ इस मुकाबले ने भारत-अमेरिका के बढ़ते खेल संबंधों को भी नई पहचान दी।