दावोस/वाशिंगटन।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त किया जाना चाहिए। स्विट्ज़रलैंड के दावोस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात के बाद ट्रंप ने यह बात कही।
दावोस से वाशिंगटन रवाना होने से पहले ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि रूस-यूक्रेन संघर्ष अब लंबा नहीं चलेगा और इसे रोकने के लिए अमेरिका सक्रिय पहल कर रहा है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन के भीतर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर सकता है। इस संबंध में पुतिन को संदेश भी भेज दिया गया है।
ट्रंप ने जेलेंस्की के साथ हुई बैठक को “अच्छी और सकारात्मक” बताया। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी इस मुलाकात पर संतोष जताते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ हुई बातचीत उनके देश के हित में रही।
इस बैठक से अलग, यूक्रेन के वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल ने भी अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ अलग से बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, यदि मॉस्को में पुतिन से होने वाली वार्ता के बाद हालात अनुकूल रहे, तो अमेरिका, रूस और यूक्रेन के अधिकारी संयुक्त अरब अमीरात में त्रिपक्षीय बैठक कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि यह बैठक तीनों देशों के अधिकारियों के बीच पहली औपचारिक बैठक होगी और इसके इसी सप्ताह होने की संभावना है। इसे रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक अहम कूटनीतिक पहल माना जा रहा है।