क्या आप सोच सकते हैं कि ऑफिस जाने के लिए साइकिल चलाएं और बदले में पैसे भी मिलें? जी हां, यह सपना अब सिडनी में भी हकीकत बन सकता है। फ्रांस और नीदरलैंड जैसे यूरोपीय देशों में पहले से ही यह योजना लागू है, जहां कर्मचारियों को ई-बाइक या ई-स्कूटर से ऑफिस आने पर वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाता है। अब ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े शहर सिडनी में भी यही योजना लाने की चर्चा जोरों पर है।
ई-बाइक से दफ्तर आने वाले यूजेनियो टारांटोला कहते हैं, “यह न सिर्फ एक हेल्दी विकल्प है, बल्कि समय और पैसे दोनों की बचत करता है। अगर सरकार इसके लिए भुगतान भी करने लगे, तो यह icing on the cake होगी।”
फ्रांस में कर्मचारियों को हर किलोमीटर पर 25 से 35 सेंट दिए जाते हैं। वहीं नीदरलैंड में तो लाखों लोग पहले से ही इस योजना का लाभ उठा रहे हैं, जिससे ना सिर्फ ट्रैफिक जाम कम हुआ है, बल्कि प्रदूषण में भी गिरावट आई है।
सिडनी की योजना कैसी हो सकती है?
सिडनी में इस तरह की योजना लागू होने की स्थिति में, कामकाजी लोग अपनी कार छोड़कर ई-बाइक, ई-स्कूटर या पारंपरिक साइकिल से यात्रा को प्राथमिकता देंगे। शहर के पर्यावरण विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह प्रस्ताव ‘ग्रीन कम्यूटिंग’ को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया जा रहा है, जिससे शहरी जीवन को अधिक टिकाऊ बनाया जा सके।
फायदे:
ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या में कमी
वायु प्रदूषण में गिरावट
नागरिकों की सेहत में सुधार
पेट्रोल/डीज़ल पर निर्भरता में कमी
यदि यह योजना सफल होती है, तो अन्य ऑस्ट्रेलियाई शहर भी इसका अनुसरण कर सकते हैं।