सिडनी, जून 26:
सिडनी के बैंकस्टाउन क्षेत्र में एक मकानमालिक उस समय विवादों में घिर गया जब उसने सोशल मीडिया पर एक गंदे और अस्वच्छ कमरे को किराये के लिए सूचीबद्ध किया। यह कमरा एक साझा (शेयर्ड) कमरा बताया गया था, जिसमें दो व्यक्तियों के रहने की अनुमति थी।
हालांकि मूल फेसबुक विज्ञापन अब हटा दिया गया है, लेकिन स्क्रीनशॉट्स और तस्वीरें अब भी ऑनलाइन वायरल हो रही हैं। एक तस्वीर में देखा जा सकता है कि कमरा बेहद अंधेरा है, जिसमें दो सिंगल बेड दीवारों के किनारे रखे हैं।
बाथरूम की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। वहां की स्लाइडिंग ग्लास डोर पर काले रंग में "Keep Shut" (बंद रखें) लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। गंदगी और बदबू की शिकायतों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
एक यूज़र ने मजाक में लिखा, "इस शॉवर को देखकर ही इन्फेक्शन हो गया!"
वहीं दूसरे व्यक्ति ने किराया लेकर सवाल उठाया, "अगर ये $300 प्रति महीना होता तो ब्लीच से सफाई, नया गद्दा और थोड़ा मेहनत कर के रहने लायक बन सकता था, लेकिन यह तो $300 प्रति सप्ताह है। वो भी अपनी ब्लीच और गद्दा लेकर आओ!"
बता दें कि सिडनी में साझा कमरों का किराया सामान्यतः $170 से $400 प्रति सप्ताह तक होता है।
ग्लीब में ऐसा ही एक साझा कमरा $250 प्रति सप्ताह प्रति व्यक्ति या $500 पूरे कमरे के लिए उपलब्ध है।
चिपेंडेल क्षेत्र में बंक बेड वाला साझा कमरा $400 प्रति सप्ताह प्रति व्यक्ति के हिसाब से किराये पर दिया जा रहा है।
वायरल हो रही तस्वीरों में कमरे की कालीन गंदी और दागदार नजर आती है, जबकि एक गद्दा बिना चादर के पड़ा है। इस कमरे के साथ एक सांझा किचन, लिविंग रूम और बाथरूम की सुविधा दी गई है, पर साफ-सफाई और रखरखाव की भारी कमी स्पष्ट नजर आती है।
इस प्रकरण ने सिडनी के किराये बाज़ार की दुर्दशा और बढ़ती कीमतों के बीच मकान मालिकों द्वारा किए जा रहे शोषण को उजागर कर दिया है।