मुंबई। छोटे पर्दे और म्यूजिक वीडियो की फेमस स्टार शेफाली जरीवाला अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 42 वर्षीय अभिनेत्री का निधन कार्डियक अरेस्ट की वजह से हो गया। शनिवार को मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें परिवार, करीबी मित्रों और कई टीवी सेलिब्रिटीज़ ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी। उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी पूरे समय भावुक दिखाई दिए। उन्होंने मीडिया से बस इतना कहा – “मेरी परी अब नहीं रही, उसके लिए दुआ करना।”
शेफाली को साल 2002 में आए सुपरहिट गाने ‘कांटा लगा’ से अपार लोकप्रियता मिली थी। उस एक गाने ने उन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ के रूप में देशभर में पहचान दिलाई थी। इसके बाद उन्होंने रियलिटी शो 'बिग बॉस 13' में भी हिस्सा लिया और वहां अपनी बेबाकी के लिए खूब सुर्खियाँ बटोरी थीं।
शेफाली के अचानक निधन से सभी हैरान हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्होंने बेहोशी की हालत में दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने उनके घर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की। हालांकि अभी तक किसी आपराधिक एंगल की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
शेफाली के निधन की खबर सोशल मीडिया पर आते ही इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। टीवी और बॉलीवुड के तमाम सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अभिनेत्री गौहर खान ने ट्वीट किया – “बहुत जल्दी चली गईं तुम शेफाली… ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे।” वहीं, अभिनेता करणवीर बोहरा ने इंस्टाग्राम पर लिखा – “आज एक मुस्कान हमेशा के लिए चली गई।”
शेफाली ने पहले हरमीत गुलजार से शादी की थी, लेकिन वह रिश्ता अधिक समय तक नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने अभिनेता पराग त्यागी से विवाह किया था, जो ‘पवित्र रिश्ता’ जैसे धारावाहिकों में काम कर चुके हैं। दोनों की जोड़ी को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जाता था।
शेफाली जरीवाला का जाना, इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी मुस्कुराहट और जीवंतता हमेशा याद की जाएगी।