बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया गया कि उन्हें अपनी अपकमिंग फिल्म 'किंग' की शूटिंग के दौरान गंभीर चोट लग गई है। लेकिन NDTV की पड़ताल में यह खबर झूठी साबित हुई है।
शाहरुख खान से जुड़े करीबी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता को 'किंग' के सेट पर कोई नई चोट नहीं लगी है। वे इस समय अमेरिका में हैं, लेकिन यह यात्रा किसी हालिया दुर्घटना या चोट के कारण नहीं है, बल्कि वे अपनी पुरानी कंधे की चोट का इलाज और नियमित चेकअप कराने गए हैं।
शाहरुख खान को पिछली बार 2023 में राजकुमार हिरानी की फिल्म 'डंकी' में देखा गया था। यह फिल्म एक इमोशनल ड्रामा थी जिसमें शाहरुख के अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिली थी। इसके अलावा, 2023 में ही उनकी दो और बड़ी फिल्में 'पठान' और 'जवान' भी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थीं। इन फिल्मों के साथ शाहरुख ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे आज भी बॉक्स ऑफिस के किंग हैं।
अब फैंस को शाहरुख की अगली फिल्म 'किंग' का बेसब्री से इंतजार है। इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें शाहरुख पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। 'किंग' एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें पिता-बेटी की अनोखी जोड़ी और दमदार कहानी दर्शकों को देखने को मिलेगी। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जो 'वॉर' और 'पठान' जैसी हिट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।