पर्थ एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक गंभीर घटना हुई, जब एक 51 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर एयरलाइन स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद हड़कंप मच गया और स्टाफ को खुद को एयरब्रिज के अंदर बंद करके जान बचानी पड़ी।
सूत्रों के अनुसार, जब एयरलाइन के चेक-इन स्टाफ ने उस व्यक्ति से यह पूछ लिया कि क्या उसने शराब पी है, तो वह भड़क गया और स्टाफ के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करने लगा। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने तत्काल ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) को बुलाया।
पुलिस के अनुसार, जब एक अधिकारी ने व्यक्ति से बातचीत करने की कोशिश की, तो उसने उनका हाथ झटकने की कोशिश की और फिर कथित रूप से अधिकारी की बंदूक छीनने की धमकी भी दी। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया।
अब उस व्यक्ति पर "लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने" और "सार्वजनिक स्थान पर अनुशासनहीन आचरण" के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना पर AFP के इंस्पेक्टर पीटर ब्रिंडल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा, "एयरलाइन स्टाफ का काम बेहद जिम्मेदारी भरा होता है और उन्हें ऐसे उग्र और कानून को ताक पर रखने वाले यात्रियों से सुरक्षा मिलनी चाहिए। हम एयरपोर्ट की शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से काम करते हैं और ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी।"
यह घटना एक बार फिर यह सवाल उठाती है कि एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों पर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना कितना जरूरी है।