नई दिल्ली।
दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब और गहरा गया है। संजय कपूर की मां रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया कपूर पर गंभीर आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में एक नई याचिका दायर की है। याचिका में ट्रस्ट गठन में धोखाधड़ी और संपत्ति से जुड़ी अहम जानकारियां छिपाने का आरोप लगाया गया है।
रानी कपूर ने अपनी याचिका में कहा है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना आरके फैमिली ट्रस्ट / रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट का गठन किया गया। उनका आरोप है कि इस ट्रस्ट के जरिए उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को संपत्ति संबंधी तथ्यों से अंधेरे में रखा गया। उन्होंने अदालत से ट्रस्ट को अमान्य घोषित करने और उसके गठन से लेकर अब तक के सभी बैंक खातों व लेन-देन का पूरा ब्योरा मांगा है।
करीब 80 वर्षीय रानी कपूर ने अदालत से यह भी मांग की है कि ट्रस्ट की किसी भी तरह की गतिविधियों पर स्थायी रोक लगाई जाए। याचिका में कहा गया है कि रानी कपूर परिवार की मुखिया हैं और परिवार में उनकी दो बेटियां, दिवंगत पुत्र संजय कपूर और उनके पोते-पोतियां शामिल हैं। ऐसे में ट्रस्ट के जरिए संपत्ति का प्रबंधन पारदर्शी तरीके से न होना गंभीर चिंता का विषय है।
इस संपत्ति विवाद में संजय कपूर की पूर्व पत्नी और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों ने भी अदालत का रुख किया है। बच्चों की ओर से दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रिया कपूर संपत्ति से जुड़ी पूरी जानकारी साझा नहीं कर रही हैं।
रानी कपूर ने अपने पति डॉ. सुरिंदर कपूर की वसीयत का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि डॉ. सुरिंदर कपूर का निधन 30 जून 2015 को हुआ था और उन्होंने 6 फरवरी 2013 की वसीयत के माध्यम से अपनी पूरी चल-अचल संपत्ति रानी कपूर के नाम कर दी थी, जिसे बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा विधिवत प्रमाणित किया गया।
वहीं, प्रिया कपूर ने भी परिवार के एक अन्य सदस्य के खिलाफ अदालत का रुख किया है। उन्होंने अपनी ननद मंदिरा कपूर के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया है। इस मामले की सुनवाई पटियाला हाउस कोर्ट में बंद कमरे में की जा रही है। प्रिया कपूर का आरोप है कि मंदिरा सोशल मीडिया, पॉडकास्ट और मीडिया इंटरव्यू के जरिए उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रही हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।