क्वींसलैंड में शिक्षकों का सब्र अब जवाब दे चुका है। राज्य भर के हजारों शिक्षक 6 अगस्त को एक दिन की हड़ताल पर जा रहे हैं, जो कि पिछले 16 वर्षों में सबसे बड़ा संगठित विरोध प्रदर्शन होगा। यह फैसला क्वींसलैंड टीचर्स यूनियन (QTU) द्वारा सरकार के वेतन प्रस्ताव को ठुकराने के बाद लिया गया है।
सरकार का प्रस्ताव और शिक्षकों की नाखुशी
LNP सरकार द्वारा पेश किए गए तीन वर्षों में क्रमशः 3%, 2.5% और 2.5% की वेतन वृद्धि को शिक्षकों ने सिरे से खारिज कर दिया। QTU के 38,243 सदस्यों में से करीब 37,000 ने इस प्रस्ताव के खिलाफ मतदान करते हुए हड़ताल का समर्थन किया – यह आंकड़ा इस बात को दर्शाता है कि असंतोष कितना गहरा है।
QTU की अध्यक्ष क्रेस्टा रिचर्डसन ने कहा, “शिक्षकों की भारी कमी और अत्यधिक कार्यभार से स्कूलों की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है। शिक्षक लंबे समय से बिना अतिरिक्त भुगतान के काम कर रहे हैं और महंगाई ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। यह सिर्फ वेतन का मामला नहीं है, यह शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता का सवाल है।”
स्कूल सीमित स्टाफ के साथ रहेंगे खुले
हालांकि राज्य के दो-तिहाई शिक्षक जो यूनियन से संबद्ध नहीं हैं, वे हड़ताल में शामिल नहीं होंगे। फिर भी, हजारों शिक्षकों की गैरमौजूदगी के चलते स्कूलों को सीमित स्टाफ और सेवाओं के साथ चलाना पड़ेगा।
शिक्षकों की नाराजगी स्पष्ट
ब्रिसबेन के एक शिक्षक डेमियन डगलस ने कहा, “हम लंबे समय से टूटे हुए सिस्टम को संभाल रहे हैं। हमने चुपचाप सहा, अतिरिक्त काम किया, लेकिन हर बार हमें सिर्फ यह याद दिलाया गया कि अगर हमने आवाज उठाई तो वेतन काट लिया जाएगा।”