ऑस्ट्रेलिया में इन दिनों अंतरराष्ट्रीय पॉप सितारों का ज़ोरदार दबदबा देखने को मिल रहा है। लेडी गागा, टेलर स्विफ्ट, डोजा कैट और लुईस कैपल्डी जैसे कलाकारों के कॉन्सर्ट न केवल स्टेडियम मिनटों में भर रहे हैं, बल्कि पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ पहुँचा रहे हैं। हालांकि इस चमक-दमक के बीच एक संगीत शैली ऐसी है जो लगातार पीछे छूटती जा रही है—रॉक म्यूज़िक।
हाल ही में प्रकाशित वैश्विक संगीत रिपोर्टों के अनुसार, वर्ष 2025 में पॉप संगीत ने लोकप्रियता और कमाई दोनों मामलों में रॉक को पीछे छोड़ दिया है। बिलबोर्ड की वर्षांत बॉक्सस्कोर रिपोर्ट बताती है कि लाइव म्यूज़िक रेवेन्यू में रॉक संगीत की हिस्सेदारी घटकर केवल 30 प्रतिशत रह गई है, जो बीते वर्षों की तुलना में बड़ी गिरावट मानी जा रही है।
ऑस्ट्रेलिया में पिछले कुछ वर्षों में पॉप कलाकारों के बड़े पैमाने पर एरीना और स्टेडियम टूर देखने को मिले हैं। टेलर स्विफ्ट ने फरवरी 2024 में सिडनी और मेलबर्न में अपने Eras Tour के तहत सात शो किए, जिनमें कुल 6.2 लाख से अधिक टिकट बिके। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में एक रात में 96,000 दर्शकों की मौजूदगी ने नया रिकॉर्ड कायम किया।
वहीं कोल्डप्ले ने 2023 और 2024 के दौरान ऑस्ट्रेलिया और आसपास के क्षेत्रों में 7 लाख से अधिक टिकट बेचे। इसके मुकाबले रॉक बैंड AC/DC ने जून 2025 में अपने Power Up Tour के लिए एक ही दिन में 3.2 लाख टिकट बेचकर रिकॉर्ड बनाया, लेकिन कुल संख्या के लिहाज़ से पॉप कलाकार अब भी आगे हैं।
सिर्फ लाइव कॉन्सर्ट ही नहीं, बल्कि म्यूज़िक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर भी पॉप और हिप-हॉप का बोलबाला है। 2025 में स्पॉटिफ़ाई के आंकड़ों के अनुसार, रैप संगीत 32 प्रतिशत और पॉप 28 प्रतिशत वैश्विक स्ट्रीम्स पर काबिज़ रहा। इसके विपरीत रॉक संगीत की हिस्सेदारी महज़ 5 से 6 प्रतिशत तक सीमित रही।
इसी बीच टेलर स्विफ्ट की दरियादिली भी सुर्खियों में है। उनकी नई डिज़्नी+ डॉक्यूसीरीज़ The End of an Era में दिखाया गया है कि उन्होंने अपने Eras Tour के क्रू मेंबर्स को व्यक्तिगत नोट्स के साथ भारी नकद बोनस दिए। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्विफ्ट ने पिछले दो वर्षों में अपने स्टाफ को कुल 295 मिलियन डॉलर (लगभग 2,400 करोड़ रुपये) से अधिक के बोनस दिए हैं।
संगीत विशेषज्ञों का मानना है कि बदलती पीढ़ी, सोशल मीडिया और स्ट्रीमिंग संस्कृति ने पॉप संगीत को नई ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया है। हालांकि रॉक संगीत के प्रति वफादार प्रशंसकों की कमी नहीं है, लेकिन मुख्यधारा की लोकप्रियता में फिलहाल पॉप कलाकारों का पलड़ा भारी नज़र आ रहा है।