नई दिल्ली, 18 अगस्त 2025 (सोमवार) – रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर हाल ही में अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई अपनी बैठक की जानकारी दी।
15 अगस्त को अलास्का में हुई पुतिन-ट्रंप मुलाकात का मुख्य एजेंडा रूस-यूक्रेन युद्ध में युद्धविराम पर चर्चा रहा। हालांकि, बैठक बेनतीजा रही और किसी ठोस समझौते पर सहमति नहीं बन सकी।
इस वार्ता का भारत पर भी असर माना जा रहा है क्योंकि ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में रूस से कच्चा तेल खरीदने पर भारत पर 50% तक का अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। भारत ने इसे “अन्यायपूर्ण और बेतुका” करार देते हुए कड़ी आपत्ति जताई थी।
पुतिन के फोन कॉल के बाद पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा –
“मैं अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का आभारी हूं जिन्होंने अलास्का में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपनी हालिया बैठक के बारे में जानकारी साझा की। भारत सदैव यूक्रेन विवाद के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता है और इस दिशा में किए जा रहे सभी प्रयासों का स्वागत करता है। मैं आने वाले दिनों में हमारे निरंतर संवाद की आशा करता हूं।”
कूटनीतिक सूत्रों के मुताबिक, पुतिन और मोदी की बातचीत यह संकेत देती है कि अमेरिका के टैरिफ फैसले का रूस विरोध करेगा और भारत के साथ खड़ा रहेगा। इससे भारत को अमेरिका से बढ़ते व्यापारिक दबाव का सामना करने में कुछ हद तक सहारा मिल सकता है।