देश की राजधानी में शनिवार को राजनीतिक गतिविधियां अचानक तेज़ हो गईं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अलग-अलग मुलाकातें कीं। इन बैठकों को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दोपहर राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की। वहीं कुछ समय बाद गृह मंत्री अमित शाह भी उनसे मिलने पहुँचे। हालांकि इन बैठकों को "शिष्टाचार भेंट" बताया जा रहा है, लेकिन जिस तरह से ये मुलाकातें एक ही दिन में हुईं, उससे राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें इन पर टिक गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों का समय उपराष्ट्रपति चुनाव की पृष्ठभूमि में काफी अहम माना जा रहा है। बीजेपी नेतृत्व द्वारा संभावित उम्मीदवारों को लेकर अंतिम चर्चा की जा रही है और इस संदर्भ में राष्ट्रपति को विश्वास में लेने की प्रक्रिया का हिस्सा भी हो सकता है।
भले ही आधिकारिक रूप से इन बैठकों का कोई ब्योरा साझा नहीं किया गया है, लेकिन इसके समय और संदर्भ को देखते हुए इतना तो तय है कि दिल्ली की सियासत में कुछ बड़ा पक रहा है।
अब देखना यह है कि आने वाले दिनों में बीजेपी की ओर से उपराष्ट्रपति पद के लिए किस नाम पर मुहर लगती है, और क्या इन बैठकों का उससे कोई सीधा संबंध सामने आता है या नहीं।