मस्कट।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओमान सरकार ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया है। ओमान की राजधानी मस्कट में आयोजित एक औपचारिक समारोह में सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान भारत और ओमान के बीच ऐतिहासिक मित्रता, राजनीतिक सहयोग, व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को मान्यता देता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक 28 देशों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त कर चुके हैं, जो किसी भी भारतीय नेता के लिए एक रिकॉर्ड है। इनमें रूस का ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रू, फ्रांस का ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर, यूएई का जायद मेडल, मालदीव का रूल ऑफ इज्जुद्दीन सहित कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों तीन देशों की विदेश यात्रा पर हैं। 15 से 18 दिसंबर के बीच उन्होंने जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान का दौरा किया। ओमान उनकी इस यात्रा का अंतिम चरण रहा, जहां से वे स्वदेश लौटेंगे।
इससे पहले इथियोपिया सरकार ने भी प्रधानमंत्री मोदी को ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया था। यह सम्मान पाने वाले वे दुनिया के पहले प्रधानमंत्री हैं।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘चैंपियन ऑफ द अर्थ’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये अंतरराष्ट्रीय सम्मान न केवल प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत उपलब्धियों को दर्शाते हैं, बल्कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और प्रभाव को भी रेखांकित करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना के साथ वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूती से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रखा है। उनकी विदेश यात्राएं व्यापार, निवेश और कूटनीतिक सहयोग को नई दिशा दे रही हैं।