वाशिंगटन/जेरूसलम। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शांति के लिए नोबेल पुरस्कार दिए जाने की मांग अब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी की है। व्हाइट हाउस में हाल ही में हुई मुलाकात के बाद नेतन्याहू ने यह खुलासा किया कि उन्होंने इस संबंध में एक आधिकारिक चिट्ठी भी लिखी है।
मुलाकात के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और मध्य-पूर्व में कई ऐतिहासिक समझौते कराए हैं, जो क्षेत्र में शांति और स्थिरता लाने में मील का पत्थर साबित हुए हैं। उनकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मैंने नोबेल शांति पुरस्कार के लिए उनकी सिफारिश की है और इस बाबत पत्र भी लिखा है।"
इस सराहना का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, "हमारे पास इजरायल के आसपास के कई देशों का अच्छा सहयोग है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में कुछ बहुत अच्छा जरूर होगा।" उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अब्राहम समझौतों जैसे और भी कदम भविष्य में संभव हैं।
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के दौरान इजरायल ने संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, मोरक्को और सूडान जैसे देशों के साथ ऐतिहासिक शांति समझौते किए थे, जिन्हें 'अब्राहम अकॉर्ड्स' कहा गया। इन समझौतों ने दशकों पुराने अरब-इजरायल टकराव में एक नया अध्याय जोड़ा था।
विश्लेषकों का मानना है कि नेतन्याहू का यह बयान घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर पर रणनीतिक संदेश है, खासकर ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में फिर से तनाव का माहौल है।