सिडनी के पश्चिमी क्षेत्र ऑबर्न सेंट्रल स्थित वूलवर्थ्स सुपरमार्केट में हुई एक हैरान कर देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दूध की बोतल से हमला करते हुए एक व्यक्ति को देखा गया है। इस घटना के बाद न्यू साउथ वेल्स पुलिस के एक कर्मचारी पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
यह घटना गुरुवार को वूलवर्थ्स के चेकआउट एरिया में तीन ग्राहकों के बीच कहासुनी के दौरान हुई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक पुरुष और एक महिला की एक अन्य व्यक्ति से बहस हो रही है, जो बाद में हाथापाई में बदल जाती है। इसी दौरान एक व्यक्ति को दूध की बोतल से हमला करते हुए देखा गया, जिससे बोतल फट जाती है।
62 वर्षीय पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी कि 34 वर्षीय एक पुरुष और 57 वर्षीय एक महिला ने उन पर हमला किया। पीड़ित को मामूली चोटें आईं और उन्होंने चिकित्सकीय सहायता ली।
NSW पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, 34 वर्षीय आरोपी विशेष कांस्टेबल, जो एक विशेष कमांड से जुड़ा है, पर "असॉल्ट ऑकेजनिंग एक्चुअल बॉडिली हार्म" (गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने वाला हमला) और "अफ्रे" (सार्वजनिक जगह पर झगड़ा) का मामला दर्ज किया गया है।
उसे अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया गया है और वह 4 सितंबर को बुरवुड लोकल कोर्ट में पेश होगा।
इस घटना ने स्थानीय समुदाय में खलबली मचा दी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।