स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने एक ऐसा कीर्तिमान अपने नाम किया है, जिसे अब तक विश्व क्रिकेट में कोई भी बल्लेबाज नहीं छू पाया था। लाबुशेन डे-नाइट (पिंक बॉल) टेस्ट मैचों में 1,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह ऐतिहासिक उपलब्धि उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के दौरान हासिल की।
ब्रिस्बेन में खेले जा रहे इस मुकाबले में इंग्लैंड के 334 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लाबुशेन ऑस्ट्रेलियाई पारी की शुरुआत करने उतरे। उन्होंने 78 गेंदों में 65 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल था। इस प्रदर्शन के साथ ही उनके डे-नाइट टेस्ट में कुल रन 1,000 के आंकड़े को पार कर गए।
लाबुशेन सिर्फ डे-नाइट टेस्ट में ही नहीं, बल्कि कुल मिलाकर पिंक बॉल टेस्ट क्रिकेट में शुरुआती 1,000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन चुके हैं। खबर लिखे जाने तक उन्होंने पिंक बॉल टेस्ट की 16 पारियों में 1003 रन जुटा लिए हैं।
उनके बाद इस सूची में शामिल खिलाड़ी—
827 रन – स्टीव स्मिथ (25 पारियां)*
753 रन – डेविड वॉर्नर (17 पारियां)
752 रन – ट्रेविस हेड (16 पारियां)
लाबुशेन ने पिंक बॉल टेस्ट में एक ही टीम (इंग्लैंड) के खिलाफ सर्वाधिक 3 बार 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। उनके साथ जो रूट का भी समान रिकॉर्ड है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 बार ऐसा किया है।
मार्नस लाबुशेन पिछले कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की रीढ़ बनकर उभरे हैं। तकनीक, अनुशासन और लंबे समय तक टिककर रन बनाने की क्षमता उन्हें आधुनिक दौर के बेहतरीन टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में शामिल करती है। डे-नाइट टेस्ट में उनका यह रिकॉर्ड क्रिकेट इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज हो गया है।