सिडनी के मैनली बीच पर शार्क हमला, युवक की हालत गंभीर

24 घंटे में तीसरी शार्क घटना, उत्तरी तट के सभी समुद्र तट बंद

सिडनी के मैनली बीच पर शार्क हमला, युवक की हालत गंभीर

सिडनी के नॉर्दर्न बीचेज़ क्षेत्र में सोमवार शाम एक बार फिर शार्क हमला होने से दहशत फैल गई। मैनली के नॉर्थ स्टीन बीच पर एक युवक पर शार्क ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को नाज़ुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एम्बुलेंस सेवा के अनुसार, करीब 20 वर्षीय युवक शाम लगभग 6:20 बजे समुद्र में घायल अवस्था में पाया गया। उसके पैर में गंभीर चोटें आई थीं। घटना के समय समुद्र तट पर लगे सर्फ कैमरों में देखा गया कि एक सर्फर ने साहस दिखाते हुए युवक को पानी से बाहर निकाला, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया।

सूचना मिलते ही पुलिस, पैरामेडिक्स और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेत पर ही युवक को सीपीआर दिया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू हेलीकॉप्टर भी बुलाया गया। लंबी मशक्कत के बाद युवक को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद नॉर्दर्न बीचेज़ क्षेत्र के सभी समुद्र तटों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

यह घटना पिछले 24 घंटों में सिडनी के समुद्र तटों पर शार्क से जुड़ी तीसरी घटना है। इससे पहले सोमवार को ही डी-वाय बीच पर एक 11 वर्षीय लड़के के सर्फबोर्ड को शार्क ने काट लिया था। हालांकि बच्चा सुरक्षित बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी में लगभग 1.2 मीटर लंबी बुल शार्क देखी गई थी।

वहीं, रविवार को वॉक्लूज़ इलाके में एक युवा तैराक पर शार्क के हमले में वह जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है।

मैनली में घटना के बाद लाइफगार्ड्स ने तुरंत समुद्र में मौजूद सभी लोगों को बाहर आने के निर्देश दिए। लाउडस्पीकर पर चेतावनी दी गई कि पानी में शार्क देखी गई है और सुरक्षा के मद्देनज़र सभी को किनारे लौटना होगा।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने सिडनी के तटीय इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि समुद्र तटों पर जाने से पहले सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंध हटने तक समुद्र में न उतरें।