ऑस्ट्रेलिया में 1 जुलाई 2025 से सड़क नियमों में कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इन बदलावों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर कड़े जुर्माने, स्पीड लिमिट में कटौती और सीट बेल्ट के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई शामिल है।
देशभर में हाई-टेक AI तकनीक से लैस मोबाइल फोन डिटेक्शन कैमरे लगाए जा रहे हैं जो यह पहचानने में सक्षम होंगे कि कौन-से चालक गाड़ी चलाते समय फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं — चाहे वह गाड़ी स्टार्ट हो या सिग्नल पर खड़ी हो।
अगर कोई ड्राइवर फोन छूता हुआ पाया गया, तो उसे $1209 तक का जुर्माना और पांच डिमेरिट पॉइंट तक का नुकसान झेलना पड़ सकता है।
सीट बेल्ट नहीं पहनने वालों पर अब मोबाइल डिटेक्शन कैमरे निगरानी रखेंगे।
राज्य सरकार के अनुसार, 2019 से 2023 के बीच सीट बेल्ट न पहनने से 150 लोगों की मौत हुई।
टिकटलेस पार्किंग फाइन प्रणाली खत्म की जा रही है, जिसे कोविड काल में शुरू किया गया था। अब दोबारा फिजिकल नोटिस देना अनिवार्य होगा।
रोड रूल 79A में संशोधन करते हुए, अब ड्राइवरों को 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलना अनिवार्य होगा जब वे किसी धीमी (10 किमी/घंटा या कम) या रुकी हुई पुलिस, इमरजेंसी या टो ट्रक/इंसीडेंट रिस्पॉन्स वाहन के पास से गुजरें।
नियम का दायरा अब सिर्फ पुलिस और इमरजेंसी नहीं, बल्कि पीले, लाल, नीले या मैजेंटा लाइट्स वाले टो ट्रक व अन्य सहायता वाहन तक बढ़ा दिया गया है।
यह नियम फ्रीवे सहित सभी सड़कों पर लागू होगा।
उल्लंघन करने पर $346 का फाइन, और अधिकतम $961 का कोर्ट पेनल्टी तय की गई है, हालांकि इसमें डिमेरिट पॉइंट नहीं काटे जाएंगे।
ये बदलाव सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं, खासकर बढ़ती दुर्घटनाओं और सड़क पर अनुशासनहीनता को ध्यान में रखते हुए। ड्राइवरों से अनुरोध है कि वे नए नियमों की जानकारी रखें और नियमों का पालन करें, ताकि अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रख सकें।