बाली में बड़ा नौका हादसा: 4 की मौत, 38 लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बाली में बड़ा नौका हादसा: 4 की मौत, 38 लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जकार्ता/बाली | 3 जुलाई 2025
इंडोनेशिया के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल बाली के पास बुधवार देर रात एक बड़ा नौका हादसा हुआ, जिसमें अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 23 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसे के बाद से अब भी 38 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में बचाव दल समुद्र में सर्च ऑपरेशन चला रहा है।

65 लोग सवार थे फेरी पर
बताया गया है कि 'केएमपी तुनु प्रतमा जया' नामक फेरी पूर्वी जावा के केतापांग बंदरगाह से बाली के गिलिमानुक बंदरगाह के लिए रवाना हुई थी। इस नौका में कुल 65 लोग सवार थे, जिनमें 53 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य शामिल थे। इसके अलावा फेरी में 22 वाहन भी लदे थे, जिनमें 14 ट्रक शामिल हैं।

25 मिनट में डूब गई फेरी
नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी ने जानकारी दी कि जहाज देर रात लगभग आधी रात से पहले रवाना हुआ और रवाना होने के लगभग 25 मिनट बाद ही बाली जलसंधि में डूब गया। हादसे के समय समुद्र में तेज लहरें उठ रही थीं, जिससे नौका संतुलन खो बैठी।

राष्ट्रपति ने दिए तत्काल राहत के निर्देश
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबवो सुबियांतो, जो इस समय सऊदी अरब की यात्रा पर हैं, ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। कैबिनेट सचिव टेडी इंद्रा विजया ने बताया कि राष्ट्रपति ने इसे आपातकालीन स्थिति मानते हुए हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पूर्वी जावा के बान्युवांगी पुलिस प्रमुख रामा समतमा पुतरा ने पुष्टि की है कि 23 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि 4 शव बरामद किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय बचाव एजेंसी, तटरक्षक बल, नौसेना और स्थानीय स्वयंसेवी संगठन लापता लोगों की तलाश में समुद्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं।

परिवारों में कोहराम
हादसे की खबर फैलते ही बंदरगाहों और अस्पतालों में लापता लोगों के परिजन जुटने लगे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे सरकार से अपने प्रियजनों की सलामती की गुहार लगा रहे हैं।