पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सरदार जी 3' जहां एक ओर बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर की फिल्म में मौजूदगी को लेकर विवादों में भी घिर गई है। इसी बीच प्रसिद्ध कवि, वक्ता और पूर्व राजनेता डॉ. कुमार विश्वास ने इस मामले पर तीखा बयान दिया है, जो अब सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है।
कुमार विश्वास हाल ही में NDTV क्रिएटर्स मंच पर अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहां उनसे 'सरदार जी 3' के ट्रेलर में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी और उस पर हो रहे विरोध को लेकर सवाल किया गया। इसके जवाब में उन्होंने बिना लाग-लपेट के दिलजीत दोसांझ और फिल्म से जुड़ी भावनाओं पर अपना गुस्सा जाहिर किया।
कुमार विश्वास ने कहा—
"मेरा कहना यह है कि मैं तो मोहब्बत की बात करूं और आप वहां कलाकार होके मेरे मुल्क, फौजी और सरकार के लिए नफरत की बात करें? तो फिर ऐसी अमन की आशा का कबूतर आप हमारे दरवाजे पर मत भेजिए।"
उन्होंने आगे कहा—
"ये जो अहंकार हो गया है ना स्टार्स को कि 'मेरा क्या है? मैं तो गाड़ दूंगा', ये बहुत गलत बात है। किसके बनाए गए हो तुम? मेरी जिम्मेदारी उन लोगों के प्रति है जो टिकट लेकर मुझे सुनने आते हैं। उनके घर का सिपाही तिरंगे में लिपटा आता है। और आप उस मज़ाक उड़ाने वाली लड़की के साथ फिल्म बना रहे हो?"
कुमार विश्वास ने स्पष्ट किया कि वह कला, गीत-संगीत और प्रेम की भाषा को समझते हैं, परंतु देशभक्ति से बड़ा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा—
"जरूर गाऊंगा हुजूर, गाना भी लिखूंगा आपके लिए। लेकिन आप ये मत कहिए कि 'ये जंग बेकार है', क्योंकि आपको पता है कि जंग कौन शुरू करता है और कौन खत्म करता है।"
उनकी यह टिप्पणी साफ संकेत देती है कि उन्होंने दिलजीत दोसांझ और फिल्म निर्माताओं से सामाजिक जिम्मेदारी और देश की भावनाओं का सम्मान करने की उम्मीद जताई है।
गौरतलब है कि 'सरदार जी 3' का ट्रेलर 22 जून को रिलीज़ हुआ था, जिसमें पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर की उपस्थिति ने सोशल मीडिया पर बहस को जन्म दिया। कई लोगों ने फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग की, वहीं दिलजीत के प्रशंसकों का कहना है कि कला को सीमाओं में नहीं बांधा जाना चाहिए।
अब देखना यह होगा कि कुमार विश्वास की इस टिप्पणी के बाद दिलजीत दोसांझ या फिल्म निर्माता कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।