कान्ये वेस्ट का ऑस्ट्रेलियाई वीजा रद्द, ‘हाइल हिटलर’ गीत पर विवाद

कान्ये वेस्ट का ऑस्ट्रेलियाई वीजा रद्द, ‘हाइल हिटलर’ गीत पर विवाद

ऑस्ट्रेलिया सरकार ने विवादास्पद अमेरिकी रैपर कान्ये वेस्ट का वीजा रद्द कर दिया है। यह निर्णय उनके हालिया गीत ‘हाइल हिटलर’ में नाज़ी विचारधारा के प्रचार के चलते लिया गया है। गृह मामलों और आव्रजन मंत्री टोनी बर्क ने मंगलवार को ABC को दिए गए साक्षात्कार में इस कार्रवाई की पुष्टि की।

टोनी बर्क ने कहा, “अब तक अधिकतर वीजा रद्द ऐसे मामलों में हुए हैं जब कोई व्यक्ति सार्वजनिक भाषण देने आ रहा था। लेकिन कान्ये वेस्ट का मामला इससे अलग था। वह कोई भाषण देने नहीं आ रहे थे, फिर भी हमने उनका वीजा रद्द कर दिया।”

गीत में हिटलर के भाषण का सैंपल

8 मई को रिलीज़ हुए कान्ये वेस्ट के गीत Heil Hitler में एडॉल्फ हिटलर के एक भाषण का सैंपल शामिल है। यह तारीख द्वितीय विश्व युद्ध में नाज़ी जर्मनी की हार की 80वीं वर्षगांठ थी। इस गीत के म्यूज़िक वीडियो को जर्मनी में प्रतिबंधित कर दिया गया है।

ऑस्ट्रेलियाई परिवारिक संबंध भी नहीं बने सहारा

बर्क ने बताया कि “वेस्ट कई वर्षों से ऑस्ट्रेलिया आते रहे हैं। उनकी पत्नी बियांका सेंसोरी ऑस्ट्रेलियाई हैं और उनका यहां परिवार भी है। लेकिन इसके बावजूद, उनके द्वारा बार-बार की गई आपत्तिजनक और नफरत फैलाने वाली टिप्पणियों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।”

इस मामले के बाद कान्ये वेस्ट की आधिकारिक वेबसाइट को भी इंटरनेट से हटा लिया गया है।

सरकार का कड़ा संदेश

यह कार्रवाई ऑस्ट्रेलियाई सरकार की ओर से स्पष्ट संकेत देती है कि देश में नफरत फैलाने वाले विचारों के लिए कोई स्थान नहीं है – चाहे व्यक्ति कितना भी प्रसिद्ध क्यों न हो। टोनी बर्क ने कहा कि सरकार इस प्रकार के कट्टरपंथी और घृणा फैलाने वाले बयानों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाएगी।