पूर्व कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार राजनीति नहीं, बल्कि उनके निजी जीवन को लेकर चर्चा हो रही है। हाल ही में वह पॉप सिंगर कैटी पेरी के ‘लाइफटाइम्स टूर’ कॉन्सर्ट में नजर आए, जहां उन्हें बेहद खुश देखा गया।
कॉन्सर्ट में ट्रूडो अपनी बेटी एला-ग्रेस के साथ पहुंचे थे, लेकिन फैंस की नजरें उनके चेहरे की मुस्कान और बार-बार कैटी पेरी की ओर देखने पर टिकी रहीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में ट्रूडो को पूरी तरह से मंत्रमुग्ध देखा गया। एक फैन ने तो मजाक में लिखा, "भाई प्यार में पूरी तरह डूबा हुआ है, अगर 'लाइफटाइम' कॉन्सर्ट तक पहुंच गया।"
कॉन्सर्ट के कुछ दिन पहले ही ट्रूडो और कैटी पेरी की एक डिनर डेट की तस्वीरें भी सामने आई थीं। दोनों को मॉन्ट्रियल के एक शानदार रेस्तरां 'ले वायोलन' में गहराई से बातचीत करते हुए देखा गया। खबरों के मुताबिक, यह मुलाकात काफी निजी रखी जानी थी, लेकिन तस्वीरें लीक होने के बाद चर्चा का विषय बन गई।
सूत्रों के अनुसार, ट्रूडो और पेरी की यह पहली मुलाकात नहीं थी। एक करीबी सूत्र ने बताया, “जस्टिन काफी समय से सिंगल हैं और उन्होंने कैटी के साथ समय बिताना वाकई पसंद किया। दोनों के बीच अच्छी समझ है और वे जल्द ही फिर मिलने वाले हैं।”
कैटी पेरी हाल ही में अभिनेता ऑरलैंडो ब्लूम से अलग हुई हैं, जबकि ट्रूडो ने 2023 में अपनी पत्नी सोफी से 18 साल पुराने रिश्ते को खत्म किया था। इस नए जुड़ाव को लेकर दोनों तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन दोनों की बॉन्डिंग अब सभी के सामने है।
बताया जा रहा है कि डिनर के दौरान ट्रूडो ने कैटी को लजीज सी-फूड (लॉबस्टर) और कॉकटेल्स का आनंद कराया और खाने के बाद किचन स्टाफ का भी धन्यवाद किया।
जहां एक तरफ यह खबर उनके फैंस को रोमांचित कर रही है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस नई दोस्ती को लेकर हलचल तेज हो गई है। क्या यह रिश्ता आगे बढ़ेगा या यह सिर्फ एक दोस्ताना मुलाकात थी, इसका जवाब तो आने वाला वक्त ही देगा।