नई दिल्ली।
देश आजादी के 79वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इस बार का स्वतंत्रता दिवस पहले से कहीं अधिक भव्य और ऐतिहासिक होने वाला है। 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और ‘नया भारत’ की ताकत, आत्मनिर्भरता और विकास का संदेश देंगे।
पहली बार भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना, तटरक्षक बल, एनसीसी और अर्धसैनिक बलों के बैंड पूरे देश में एक साथ प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक जीत को समर्पित होगा। देश के 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और 96 शहरों में बैंड की यह स्वर लहरियां देशभक्ति का माहौल बनाएंगी।
इस बार स्वतंत्रता दिवस का थीम ‘नया भारत’ है, जो 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दर्शाता है। दिल्ली के ‘ज्ञानपथ’ को ऑपरेशन सिंदूर के प्रतीक चिन्हों से सजाया जाएगा। करीब 2,500 महिला और पुरुष कैडेट तथा ‘माय भारत’ के स्वयंसेवक मैदान पर ‘नया भारत’ का लोगो बनाकर अद्भुत दृश्य पेश करेंगे।
इस ऐतिहासिक अवसर पर 5000 खास मेहमानों को निमंत्रित किया गया है, जिनमें शामिल हैं—
स्पेशल ओलंपिक्स 2025 के भारतीय खिलाड़ी
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल हुए खिलाड़ी
खेलो इंडिया पैरागेम्स के स्वर्ण पदक विजेता
नेशनल बीकीपिंग मिशन के उत्कृष्ट किसान
विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र
स्वच्छता कर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, और ‘लाखपति दीदी’ योजना के लाभार्थी
आमंत्रण पत्रों पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो और चेनाब पुल की तस्वीर छपी होगी, जो देश की प्रगति का प्रतीक है।
दिल्ली में इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, विजय चौक, पुराना किला, निजामुद्दीन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसे प्रतिष्ठित स्थलों पर बैंड की गूंज सुनाई देगी। इन कार्यक्रमों में सेना का शौर्य और देश की एकता का संदेश प्रमुख आकर्षण रहेगा।
15 अगस्त को भारत के कोने-कोने में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और ‘नया भारत’ के सपने को लेकर जश्न मनाया जाएगा। यह आयोजन न केवल आजादी की याद दिलाएगा, बल्कि देशवासियों के भीतर एकता, गर्व और आत्मनिर्भरता का भाव भी और मजबूत करेगा।