पाकिस्तान के फर्जी दावों पर ईरान का खंडन, भारतीयों की गिरफ्तारी की खबरें झूठी

पाकिस्तान के फर्जी दावों पर ईरान का खंडन, भारतीयों की गिरफ्तारी की खबरें झूठी

नई दिल्ली:
पाकिस्तान द्वारा भारत को लेकर फैलाए जा रहे एक और झूठे प्रचार की पोल इस बार ईरान ने सार्वजनिक रूप से खोल दी है। पाकिस्तान समर्थित कुछ प्रोपेगेंडा ‘न्यूज़ हैंडल्स’ ने दावा किया था कि ईरान ने छह भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इस दावे को भारत में ईरान के राजदूत ने सिरे से खारिज कर दिया है।

भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट जारी कर स्पष्ट किया कि ईरान में किसी भी भारतीय नागरिक की गिरफ्तारी से जुड़ी खबरें पूरी तरह से झूठी और भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि कुछ विदेशी एक्स अकाउंट्स पर ईरान से जुड़े घटनाक्रम को लेकर गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

पाकिस्तान की ओर से यह भी दावा किया गया था कि ईरान ने भारतीय नागरिकों के साथ-साथ दस अफगान नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है। ईरानी राजदूत ने इन सभी दावों को निराधार बताते हुए लोगों से अपील की कि वे किसी भी खबर पर विश्वास करने से पहले उसके स्रोत की विश्वसनीयता की जांच करें।

राजनयिक सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान लगातार भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए फर्जी खबरों का सहारा लेता रहा है। ईरान की ओर से आए इस आधिकारिक खंडन के बाद एक बार फिर पाकिस्तान के दुष्प्रचार की रणनीति उजागर हो गई है।