रिपोर्ट: हिंदी गौरव न्यूज़ डेस्क | 21 जून 2025 | विशाखापत्तनम
विशेष रिपोर्ट
आज 21 जून को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस बार का केंद्रीय आयोजन आंध्र प्रदेश के बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम में आयोजित किया गया है, जहां स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित योग सत्र में भाग ले रहे हैं। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की योजना है।
विशेष आयोजन स्थल और जन सहभागिता
यह भव्य आयोजन विशाखापत्तनम के रामकृष्ण बीच से लेकर भोगापुरम तक फैले 26 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में हो रहा है, जहां 3.19 लाख से अधिक लोग एक साथ योग करते नजर आएंगे। इस महा सत्र के सफल संचालन हेतु प्रशासन ने 1000 लोगों की क्षमता वाले 326 विशेष कम्पार्टमेंट बनाए हैं।
सूर्य नमस्कार में छात्रों की अनूठी भूमिका
कार्यक्रम की एक और अनूठी पहल के तहत 25,000 छात्र 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार करेंगे, जो इस योग दिवस का प्रमुख आकर्षण होगा। यह सामूहिक अभ्यास न केवल योग के प्रति युवाओं की भागीदारी को दर्शाएगा, बल्कि एक नया कीर्तिमान भी स्थापित करने का प्रयास है।
लाखों लोगों का पंजीकरण, करोड़ों की भागीदारी
आंध्र प्रदेश सरकार के अनुसार, इस आयोजन के लिए राज्य, देश और विदेशों के 8 लाख स्थानों से प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। अब तक 2.39 करोड़ लोगों ने योग दिवस की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने हेतु पंजीकरण कराया है।
सुव्यवस्था और सुविधाएं
योग सत्र के लिए 3.32 लाख टी-शर्ट और 5 लाख योग चटाइयों की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रतिभागियों को सुविधा और एकरूपता का अनुभव हो। सुरक्षा, स्वास्थ्य और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए सैकड़ों स्वयंसेवकों और अधिकारियों को तैनात किया गया है।
थीम: 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग'
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की विषयवस्तु ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ रखी गई है, जो योग के वैश्विक स्वास्थ्य और एकता के संदेश को उजागर करती है।
यह आयोजन भारत की योग परंपरा को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने की दिशा में एक और मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री की उपस्थिति इस प्रयास को नई ऊर्जा और वैश्विक मान्यता दिलाने का कार्य करेगी।