इंडियन आइडल 3 के विजेता गायक प्रशांत तमांग का निधन

इंडियन आइडल 3 के विजेता गायक प्रशांत तमांग का निधन

नई दिल्ली। लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल 3 के विजेता और मशहूर गायक-अभिनेता प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके करीबी मित्रों ने इस दुखद समाचार की पुष्टि की है। प्रशांत तमांग के अचानक चले जाने से संगीत और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रशांत तमांग को दिल्ली में कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। दार्जिलिंग के गायक महेश सेवा ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, “प्रिय भाई प्रशांत के असामयिक निधन से मन बेहद व्यथित है।”

ममता बनर्जी ने जताया गहरा दुख

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी प्रशांत तमांग के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि इंडियन आइडल फेम गायक के अचानक निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशांत का दार्जिलिंग से विशेष संबंध था और वह परिवार, मित्रों व प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हैं।

पुलिस की वर्दी से मंच तक का प्रेरणादायक सफर

प्रशांत तमांग का जीवन संघर्ष और प्रेरणा से भरा रहा। वह इंडियन आइडल में आने से पहले कोलकाता पुलिस में कार्यरत थे और पुलिस ऑर्केस्ट्रा का हिस्सा थे। अपने वरिष्ठ अधिकारियों की सलाह पर उन्होंने इंडियन आइडल में भाग लिया और वर्ष 2007 में खिताब जीतकर देशभर में पहचान बनाई। शो जीतने के बाद उन्होंने सोनी बीएमजी के साथ अपना पहला म्यूज़िक एल्बम रिलीज़ किया, जिसमें हिंदी और नेपाली गीत शामिल थे।

अभिनय में भी छोड़ी छाप

संगीत के साथ-साथ प्रशांत तमांग ने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा। उन्होंने नेपाली फिल्मों में गायक और अभिनेता के रूप में काम किया। इसके अलावा वह जयदीप अहलावत अभिनीत वेब सीरीज़ पाताल लोक 2 में खलनायक डेनियल लेचो की भूमिका में नज़र आए, जहाँ उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा।

प्रशांत तमांग का यूं अचानक चला जाना न सिर्फ उनके परिवार बल्कि उनके असंख्य प्रशंसकों और संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।