हिंद महासागर में शांति के लिए साथ आगे बढ़ेंगे भारत और मॉरीशस

पीएम मोदी से मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम की फोन पर बातचीत

हिंद महासागर में शांति के लिए साथ आगे बढ़ेंगे भारत और मॉरीशस

नई दिल्ली। भारत और मॉरीशस ने हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को लेकर सहयोग और मजबूत करने का संकल्प दोहराया है। इस संबंध में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई।

दोनों नेताओं ने भारत-मॉरीशस के ऐतिहासिक और घनिष्ठ संबंधों पर चर्चा करते हुए आपसी साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता जताई। बातचीत के दौरान रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, विकास सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे विषयों पर भी सहमति बनी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, मॉरीशस को हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण साझेदार मानता है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए दोनों देशों का मिलकर काम करना समय की आवश्यकता है। वहीं प्रधानमंत्री रामगुलाम ने भारत द्वारा मॉरीशस को दिए जा रहे निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

दोनों नेताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि बदलते वैश्विक हालात में हिंद महासागर क्षेत्र को सुरक्षित, समावेशी और स्थिर बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय और अधिक मजबूत किया जाएगा।

बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की साझा इच्छा व्यक्त की गई।