अलास्का में अमेरिका-रूस बैठक पर भारत ने जताया स्वागत, शांति प्रयासों में सहयोग को तैयार

अलास्का में अमेरिका-रूस बैठक पर भारत ने जताया स्वागत, शांति प्रयासों में सहयोग को तैयार

नई दिल्ली, 9 अगस्त (एजेंसी) – विदेश मंत्रालय (MEA) ने अमेरिका और रूस के बीच 15 अगस्त को अलास्का में प्रस्तावित बैठक का स्वागत किया है। मंत्रालय ने कहा है कि यह बैठक यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने शनिवार को कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई अवसरों पर स्पष्ट कर चुके हैं कि यह युद्ध का युग नहीं है। भारत हमेशा संवाद और कूटनीति के माध्यम से विवादों के समाधान का पक्षधर रहा है। हम इस पहल का समर्थन करते हैं और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग देने को तैयार हैं।”

अलास्का में होने वाली यह बैठक यूक्रेन संकट को लेकर लंबे समय से जारी तनाव के बीच अमेरिका और रूस के बीच किसी ठोस समझौते की दिशा में पहला प्रयास मानी जा रही है। भारत का मानना है कि इस तरह की पहल से वार्ता का माहौल बनेगा और वैश्विक शांति को बढ़ावा मिलेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह बैठक सफल होती है, तो न केवल यूक्रेन बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति और स्थिरता के नए रास्ते खुल सकते हैं।