गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में भीषण आग, 23 लोगों की मौत

गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में भीषण आग, 23 लोगों की मौत

अरपोरा (गोवा): गोवा के पर्यटन क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अरपोरा गांव के एक लोकप्रिय नाइट क्लब में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते भारी जनहानि का रूप ले लिया। इस दुर्घटना में 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 महिलाएं और 20 पुरुष शामिल हैं। मरने वालों में क्लब के कई कर्मचारी तथा कुछ पर्यटक भी बताए जा रहे हैं।

कैसे लगी आग? कारणों पर अभी सस्पेंस

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने की शुरुआत तेज धमाके के साथ हुई, जिसे स्थानीय लोग गैस सिलेंडर फटने की आशंका से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अब तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और आग लगने के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अधिकांश मौतें धुंए के कारण दम घुटने से हुईं।

घायल अस्पताल में भर्ती, राहत कार्य जारी

अग्निशमन दल ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

सीएम सावंत मौके पर पहुंचे, जांच के आदेश

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत रात में ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सीएम सावंत ने कहा,

“यह गोवा के पर्यटन इतिहास की अत्यंत दुखद घटना है। इसकी विस्तृत जांच करवाई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

पर्यटन पर बड़ा झटका

गोवा जैसे पर्यटन राज्य में ऐसे हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने सभी नाइट क्लबों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की त्वरित समीक्षा के आदेश दिए हैं।