नई दिल्ली | 26 जुलाई 2025
भारत सरकार ने 25 जुलाई को अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए 25 मोबाइल ऐप्स और वेबसाइट्स को प्रतिबंधित कर दिया। इस सूची में उल्लू, ऑल्ट, बिग शॉट्स, देशीफ्लिक्स, बूमेक्स, गुलाब ऐप, कंगन ऐप और बुल ऐप जैसे कई ओटीटी प्लेटफॉर्म्स शामिल हैं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा की गई इस कार्रवाई का मकसद ऑनलाइन माध्यमों पर फैल रहे अश्लील विज्ञापनों और सामग्री पर लगाम लगाना है।
इनमें से एक ऐप ALTT को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह ऐप मशहूर टीवी निर्माता एकता कपूर की कंपनी की सहायक इकाई के अधीन है और इसके बैन होने से उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है।
हालांकि इन अटकलों को विराम देते हुए एकता कपूर की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया गया है। उनके एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक बयान साझा किया गया, जिसमें साफ किया गया कि एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर का अब ALTT से कोई संबंध नहीं है।
बयान में कहा गया है,
"हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि एकता कपूर और शोभा कपूर का ऑल्ट से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। जून 2021 में ही वे ALTT से पूरी तरह अलग हो गई थीं। इसलिए यदि कोई यह दावा करता है कि उनका अब भी कोई जुड़ाव है, तो हम उसका कड़े शब्दों में खंडन करते हैं। मीडिया से निवेदन है कि तथ्यों पर आधारित और सटीक जानकारी प्रसारित करें। बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड सभी नियमों और कानूनों का पालन करता है और अपनी कंपनी को ईमानदारी और जिम्मेदारी से संचालित करता है।"
गौरतलब है कि एकता कपूर और शोभा कपूर द्वारा वर्ष 1984 में स्थापित बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड भारतीय टेलीविज़न और फिल्म उद्योग में एक प्रतिष्ठित नाम रहा है। इस बैनर के तहत 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी', 'कसौटी जिंदगी की', 'पवित्र रिश्ता', 'कुंडली भाग्य', 'बड़े अच्छे लगते हैं' जैसे कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिक बनाए गए हैं।
सरकार की इस कार्रवाई के बाद ओटीटी इंडस्ट्री में बड़ा हलचल देखने को मिला है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि ऑनलाइन कंटेंट के नाम पर अश्लीलता और आपत्तिजनक सामग्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।