नागपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहाँ एक महिला ने 15 वर्षों में आठ शादियाँ कर लाखों रुपये की ठगी की। यह महिला अपनी नौवीं शादी की तैयारी में थी तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार की गई महिला की पहचान समीरा फातिमा के रूप में हुई है, जो पेशे से शिक्षिका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि समीरा एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर अमीर पुरुषों को निशाना बनाती थी, खासकर मुस्लिम समुदाय के शादीशुदा और आर्थिक रूप से सक्षम पुरुषों को।
समीरा matrimonial websites और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करती थी। वह खुद को तलाकशुदा, बच्चे के साथ अकेली और आर्थिक रूप से परेशान बताकर लोगों की सहानुभूति बटोरती थी। भावनात्मक कहानियों और झूठे वादों के ज़रिए वह भरोसा जीतती थी और फिर शादी कर लेती थी।
शादी के बाद समीरा अपने पतियों को ब्लैकमेल कर उनसे मोटी रकम वसूलती थी। एक पीड़ित ने बताया कि उसने समीरा को करीब 50 लाख रुपये, जबकि एक अन्य ने 15 लाख रुपये नकद और बैंक ट्रांसफर के ज़रिए दिए।
चौंकाने वाली बात यह है कि समीरा ने कुछ मामलों में रिजर्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को भी ठगी का शिकार बनाया है।
समीरा पिछले कुछ समय से पुलिस की नजर में थी। 29 जुलाई को नागपुर के एक टी-स्टॉल पर वह अपने संभावित नौवें शिकार से मिलने पहुंची, तभी पुलिस ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी वह एक बार गिरफ्तारी से बचने में कामयाब हो चुकी थी जब उसने झूठा गर्भवती होने का दावा किया था।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। माना जा रहा है कि समीरा और उसके गैंग के अन्य सदस्य अब तक कई और लोगों को निशाना बना चुके हैं। पुलिस पीड़ितों की तलाश कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।