सॉल्ट लेक सिटी (अमेरिका)। अमेरिकी राजनीतिक जगत को हिला देने वाली घटना के बाद पुलिस ने आखिरकार चार्ली किर्क की हत्या के संदिग्ध को पकड़ लिया है।
यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमें वह मिल गया है।” गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय टायलर रॉबिन्सन के रूप में हुई है, जो यूटा का ही रहने वाला है। पुलिस को सूचना तब मिली जब आरोपी के एक रिश्तेदार ने अपने मित्र के जरिए अधिकारियों से संपर्क किया।
बुधवार को एक विश्वविद्यालय में भाषण के दौरान 31 वर्षीय किर्क को एक गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था। मौके पर बरामद दो न चलाए गए कारतूसों पर उग्र नारे खुदे हुए मिले। एक पर लिखा था – “हे फासिस्ट! पकड़ो।” वहीं दूसरे पर लिखा था – “बेला चाओ।” यह द्वितीय विश्व युद्ध के दौर का प्रसिद्ध इतालवी प्रतिरोध गीत है, जिसे फासीवाद-विरोधी आंदोलन का प्रतीक माना जाता है।
गिरफ्तारी से पहले आरोपी टायलर रॉबिन्सन ने कथित तौर पर ऑनलाइन चैटरूम में हत्या के बाद की घटनाओं का ब्योरा साझा किया। एफबीआई ने भी एक वीडियो जारी किया है, जिसमें संदिग्ध को गोलीबारी के बाद एक इमारत की छत से कूदते देखा जा सकता है।
चार्ली किर्क अमेरिका के प्रमुख कंजरवेटिव कार्यकर्ता थे, जिन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में युवाओं को संगठित किया। उनकी हत्या से अमेरिकी राजनीति और समाज दोनों में गहरा सदमा पहुंचा है।