दिल्ली की मशहूर लव कुश रामलीला इस वर्ष भी अपनी भव्यता और ऐतिहासिकता के लिए सुर्खियों में रही। इस बार बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल ने भगवान श्रीराम का रूप धारण कर रावण वध का मंचन किया। जैसे ही उन्होंने हाथ में धनुष-बाण उठाकर रावण का प्रतीकात्मक वध किया, पूरा लालकिला मैदान “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा।
लाखों दर्शकों की मौजूदगी में बॉबी देओल का यह अभिनय खास रहा। भगवान राम के वेश में उन्होंने असत्य पर सत्य की जीत का संदेश दिया, जिसने दर्शकों के दिलों को छू लिया। रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि बॉबी देओल धार्मिक प्रवृत्ति वाले कलाकार हैं और उन्होंने अपने 30 साल लंबे फिल्मी करियर के बाद इस मंच पर भगवान राम की शरण में आने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम के दौरान अभिनेता निखिल द्विवेदी भी मंच पर मौजूद रहे। उन्होंने बॉबी देओल के साथ मिलकर इस पावन अवसर पर हिस्सा लिया और रामलीला की गरिमा को और बढ़ाया। मंचन के बाद निखिल द्विवेदी ने भी भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
लव कुश रामलीला में पहले भी कई बड़े फिल्मी सितारे हिस्सा ले चुके हैं। अजय देवगन, करीना कपूर, अक्षय कुमार, प्रभास, रोहित शेट्टी और जॉन अब्राहम जैसे कलाकार इस मंच से भगवान राम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर चुके हैं। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बॉबी देओल का प्रदर्शन इस वर्ष की रामलीला का मुख्य आकर्षण रहा।
यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का भी माध्यम है। लालकिला मैदान में गूंजते जयकारों और भक्तिभाव से भरे माहौल ने इस बार की रामलीला को और भी यादगार बना दिया।