बीएमसी चुनाव 2026: महायुति का चुनावी शंखनाद, फडणवीस बोले—‘मुंबई का मेयर हिंदू और मराठी होगा’

बीएमसी चुनाव 2026: महायुति का चुनावी शंखनाद, फडणवीस बोले—‘मुंबई का मेयर हिंदू और मराठी होगा’

मुंबई। महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव 2026 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को महायुति गठबंधन की ओर से चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी। वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित भव्य रैली में भाजपा, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और आरपीआई के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएमसी चुनाव मुंबई और मुंबईकरों के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होंगे। उन्होंने कहा कि महायुति केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने का काम भी करती है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने कहा कि कुछ दल सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए राजनीति करते हैं, जबकि महायुति विकास और सुशासन की राजनीति में विश्वास रखती है।

मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में दावा किया कि आगामी बीएमसी चुनाव के बाद मुंबई का मेयर महायुति गठबंधन से ही होगा। उन्होंने कहा, “मुंबई का मेयर हिंदू और मराठी होगा। इस पर किसी को भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है।” बिना नाम लिए उन्होंने उन नेताओं पर कटाक्ष किया जो केवल श्रेय लेने की राजनीति कर रहे हैं और विचारधारा के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे हैं।

फडणवीस ने आगे कहा कि कुछ समय पहले यह बयान दिया गया था कि मुंबई की मेयर बुर्का पहनने वाली होगी, लेकिन जो लोग खुद को मराठी अस्मिता का सबसे बड़ा ठेकेदार बताते हैं, उन्होंने इस पर चुप्पी साध ली। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की रैलियों में अब ‘वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रवादी नारों की गूंज भी सुनाई नहीं देती।

अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 16 जनवरी को महायुति गठबंधन को बड़ी जीत हासिल होगी और मुंबई के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने और जनता तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का आह्वान किया।