सिडनी, 19 जून 2025 – इज़राइल और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच करीब 3000 ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों ने वहां से निकासी के लिए पंजीकरण कराया है। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बुधवार को एक छोटा समूह ज़मीनी रास्ते से इज़राइल से सुरक्षित निकाला गया है, जबकि लगभग 1200 ऑस्ट्रेलियाई अभी भी वहां से बाहर निकलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। साथ ही, ईरान में फंसे लगभग 1500 नागरिकों ने भी मदद के लिए अपना नाम पंजीकृत कराया है।
पेनी वोंग ने कहा, "स्थिति अत्यंत संवेदनशील और तेजी से बदल रही है। सरकार हर संभव प्रयास कर रही है, लेकिन सुरक्षा हालात और कूटनीतिक सीमाएं निकासी प्रक्रिया को और अधिक कठिन बना रही हैं।"
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि वो निकासी के लिए वैकल्पिक रास्तों और सुरक्षित स्थानों को तलाश रही है और लगातार अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से संपर्क में है।
वर्तमान संकट इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते पैदा हुआ है, जिससे मध्य-पूर्व क्षेत्र में एक नया मानवीय संकट गहराने की आशंका है। विदेश मंत्रालय ने ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों से अपील की है कि वे सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपने स्थान की जानकारी लगातार अपडेट करते रहें।
सरकार की ओर से परामर्श दिया गया है कि जो लोग इन देशों में हैं वे DFAT (Department of Foreign Affairs and Trade) की स्मार्ट ट्रैवलर वेबसाइट के माध्यम से सहायता के लिए रजिस्ट्रेशन करवाएं।