दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देकर एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह भारत का कुल नौवां एशिया कप खिताब है, और इस जीत के असली नायक रहे युवा बल्लेबाज़ तिलक वर्मा, जिन्होंने दबाव भरे हालात में नाबाद 69 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली।
फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 147 रनों का लक्ष्य भारत के सामने रखा। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पावर-प्ले में ही टीम ने 20 रन पर 3 अहम विकेट गंवा दिए। शुभमन गिल, कप्तान सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा सस्ते में पवेलियन लौट गए।
लेकिन चौथे विकेट के लिए तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने 57 रनों की अहम साझेदारी कर मैच को संभाला। बाद में शिवम दुबे ने भी 33 रनों की उपयोगी पारी खेलकर तिलक का साथ दिया।
भारतीय पारी के संकटमोचक साबित हुए तिलक वर्मा। उन्होंने 53 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्के जड़ते हुए नाबाद 69 रन बनाए। अंतिम ओवर में जब भारत को 10 रन की दरकार थी, तब तिलक ने हारिस रऊफ की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर टीम का दबाव खत्म किया। इसके बाद रिंकू सिंह ने चौका मारकर भारत को दो गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
अभिषेक शर्मा फाइनल में उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और केवल 7 रन बनाकर आउट हो गए।
सूर्यकुमार यादव का खुद को नंबर चार पर प्रमोट करना उल्टा पड़ा और वह महज 10 रन के स्कोर पर आउट हो गए।
संजू सैमसन (24 रन) और शिवम दुबे (33 रन) ने तिलक के साथ मिलकर पारी को संभालने में अहम योगदान दिया।
इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर एशियाई क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित कर दी। कप्तान सूर्यकुमार यादव की रणनीति पर भले ही सवाल उठे हों, लेकिन तिलक वर्मा की धैर्य और दमखम से भरी पारी ने भारत को एशिया का "किंग" बना दिया।