गुजरात दौरे पर अरविंद केजरीवाल, 20 हजार बूथ वॉलिंटियर्स को दिलाएंगे शपथ

गुजरात दौरे पर अरविंद केजरीवाल, 20 हजार बूथ वॉलिंटियर्स को दिलाएंगे शपथ

नई दिल्ली/अहमदाबाद।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 17 से 19 जनवरी तक तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और अहमदाबाद व वडोदरा में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलनों में करीब 20 हजार वॉलिंटियर्स को शपथ दिलाएंगे।

आम आदमी पार्टी के गुजरात अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने बताया कि यह दौरा केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य में पार्टी के लगातार मजबूत हो रहे संगठन और बढ़ते जनसमर्थन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी बूथ स्तर को संगठन की रीढ़ मानते हुए जमीनी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट जिम्मेदारियों के साथ जोड़ने पर जोर दे रही है।

कार्यक्रम के अनुसार, 18 जनवरी को अहमदाबाद में सेंट्रल जोन का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें अहमदाबाद, गांधीनगर, खेड़ा और सुरेंद्रनगर लोकसभा क्षेत्रों के 9 हजार से अधिक बूथ वॉलिंटियर्स शपथ लेंगे। इस सम्मेलन को पार्टी के संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इसके बाद 19 जनवरी को वडोदरा में ईस्ट जोन का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें आनंद, वडोदरा, दाहोद, छोटा उदेपुर और पंचमहल लोकसभा क्षेत्रों के 9 हजार से अधिक बूथ वॉलिंटियर्स को शपथ दिलाई जाएगी।

पार्टी नेताओं का कहना है कि बूथ स्तर पर इस तरह के बड़े और सुव्यवस्थित कार्यक्रम आम आदमी पार्टी की कार्यशैली की पहचान हैं। पार्टी का मानना है कि जब संगठन की नींव मजबूत होती है, तभी जनता की आवाज सीधे नेतृत्व तक पहुंच पाती है।

अरविंद केजरीवाल का कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और संगठन के महत्व पर दिया जाने वाला संदेश वॉलिंटियर्स में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का यह प्रयास गुजरात में संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।