कैनबरा।
अल्बानीज़ लेबर सरकार ने वृद्धजन देखभाल (Aged Care) क्षेत्र के 4 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए चौथी बार वेतन बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह कदम कर्मचारियों को राहत देने के साथ-साथ महंगाई से जूझ रहे परिवारों को सहारा देने और अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
सरकार के अनुसार, रजिस्टर्ड नर्स (लेवल-2, पे प्वाइंट-3) को अब हफ़्ते में लगभग 60.20 डॉलर अतिरिक्त मिलेंगे। यह वही स्तर है जिस पर ज़्यादातर नर्सें कार्यरत रहती हैं। पिछली बढ़ोतरी के साथ जोड़कर देखा जाए तो अब ये कर्मचारी सालाना 28,000 डॉलर से अधिक अतिरिक्त कमाई कर सकेंगे। वहीं, एनरोल्ड नर्स को हफ़्ते में 62.40 डॉलर और पर्सनल केयर वर्कर (लेवल-3) को 39.50 डॉलर अतिरिक्त मिलेंगे।
यह वेतनवृद्धि सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है जिसके तहत अगले वर्ष 1 अगस्त से रजिस्टर्ड और एनरोल्ड नर्सों को एक और बढ़ोतरी दी जाएगी।
लेबर सरकार ने फेयर वर्क कमीशन के ऐतिहासिक फ़ैसले का समर्थन करते हुए वृद्धजन देखभाल क्षेत्र में वेतन वृद्धि के लिए कुल 17.7 अरब डॉलर का निवेश किया है।
सरकार का मानना है कि इससे न सिर्फ कर्मचारियों के जीवन स्तर में सुधार होगा बल्कि नए युवाओं को भी इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
कोषाध्यक्ष जिम चाल्मर्स ने कहा –
"एज्ड केयर वर्कर्स अद्भुत काम करते हैं और वे हर अतिरिक्त डॉलर के हक़दार हैं। यह निवेश न केवल उनकी मेहनत का सम्मान है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।"
रोज़गार और कार्यस्थल संबंध मंत्री अमांडा रिशवर्थ ने कहा –
"लैंगिक समानता को फेयर वर्क एक्ट का मुख्य आधार बनाया गया और आज लैंगिक वेतन अंतर ऐतिहासिक न्यूनतम स्तर पर है। एज्ड केयर क्षेत्र में यह वृद्धि महिलाओं को लंबे समय से चली आ रही कम वेतन वाली स्थिति से बाहर लाने में मदद करेगी।"
वृद्धजन एवं वरिष्ठ नागरिक मंत्री सैम रे ने कहा –
"देखभाल करने वाले कर्मचारियों का काम बेहद संवेदनशील और सम्मानजनक है। एक दशक तक इन्हें उपेक्षित किया गया, लेकिन हमारी सरकार ने न सिर्फ उनकी पहचान लौटाई है बल्कि बेहतर वेतन देकर उनका भविष्य भी सुरक्षित किया है।"