अमाल मलिक का बड़ा खुलासा: "सुशांत के बाद अब कार्तिक आर्यन को साइडलाइन करने की हो रही साजिश"

अमाल मलिक का बड़ा खुलासा: "सुशांत के बाद अब कार्तिक आर्यन को साइडलाइन करने की हो रही साजिश"

नई दिल्ली।
मशहूर संगीतकार और गायक अमाल मलिक ने एक चौंकाने वाला बयान देकर बॉलीवुड इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। हाल ही में मिर्ची प्लस को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया कि कुछ बड़े फिल्म निर्माता और अभिनेता कार्तिक आर्यन को साइडलाइन करने की कोशिश कर रहे हैं। अमाल का कहना है कि इंडस्ट्री के भीतर ऐसा पावर प्ले चल रहा है, जिसमें नए और टैलेंटेड कलाकारों को मौका नहीं दिया जा रहा।

अमाल ने कहा, "कार्तिक भी एक नया कलाकार है जिसने कड़ी मेहनत से अपना नाम बनाया है, लेकिन उसे भी हटाने के लिए कई लोग तैयार बैठे हैं। बड़े-बड़े प्रोड्यूसर और एक्टर्स पावर प्ले करते हैं, साजिश रचते हैं।"

सुशांत सिंह राजपूत का जिक्र करते हुए अमाल भावुक हुए

अमाल मलिक ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की दुखद मौत का भी जिक्र किया और कहा, "इस इंडस्ट्री ने ही सुशांत के दिमाग और आत्मा पर असर डाला। लोगों ने उनका हौसला तोड़ा, उन्हें डिमोरलाइज किया। जब वो गए, तब जनता की भावना बॉलीवुड के खिलाफ हो गई।"

उन्होंने कहा, "स्क्रू दीज गाइज। ये लोग गंदे लोग हैं। सुशांत की मौत के बाद ही पहली बार इस इंडस्ट्री की बैंड बजी। आज भी कुछ लोग वही चीज कार्तिक के साथ कर रहे हैं। लेकिन कार्तिक मुश्किलों से निकलकर भी मुस्कुराते हुए अपना काम कर रहा है, डांस कर रहा है।"

“जनता अब सच्चाई जान चुकी है”

अमाल मलिक ने आगे कहा, "अब जनता इस इंडस्ट्री की असली हकीकत जान चुकी है। यहां इतने अंधेरे हैं कि लोगों की ज़िंदगियाँ तबाह हो जाती हैं। सुशांत उस अंधेरे से बाहर नहीं निकल पाए। चाहे जो हुआ हो — मर्डर या सुसाइड — अंत में एक अच्छा इंसान चला गया।"

सुशांत की मौत और उसके बाद का असर

गौरतलब है कि 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। 34 वर्षीय अभिनेता की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से दम घुटना बताई गई, हालांकि आज भी इस पर संदेह बना हुआ है। उनकी असमय मृत्यु ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म, गैंगिज़्म और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक नई बहस को जन्म दिया।