मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर अपने नए घर की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने पर नाराज़गी जाहिर की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए इसे निजता और सुरक्षा का उल्लंघन बताया है।
आलिया ने अपनी पोस्ट में लिखा कि, “मैं समझती हूं कि मुंबई जैसे शहर में जगह की कमी है और कई बार आपकी खिड़की से दिखने वाला नज़ारा किसी और के घर का हो सकता है। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपको किसी के घर की वीडियो बनाने और उसे ऑनलाइन डालने का हक मिल जाए। हमारे नए घर की कई वीडियो बिना इजाज़त के रिकॉर्ड कर शेयर की गई हैं। यह न केवल प्राइवेसी का उल्लंघन है, बल्कि सिक्योरिटी से जुड़ा गंभीर मामला भी है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “सोचिए, क्या आप यह सहेंगे कि आपके घर के अंदर की वीडियो कोई बनाकर इंटरनेट पर डाल दे? इसीलिए मेरी अपील है कि अगर ऐसा कोई कंटेंट आपके सामने आए तो उसे आगे न बढ़ाएं और न ही शेयर करें। मीडिया से भी अनुरोध है कि इस तरह के फोटो-वीडियो को तुरंत हटा दें।”
आलिया ने अपने फैंस और मीडिया दोनों से अनुरोध किया है कि किसी के पर्सनल स्पेस से जुड़ी तस्वीरें या वीडियो बिना अनुमति के साझा करना गलत है और इसे सामान्य नहीं बनाया जाना चाहिए।
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट इस समय अपनी आने वाली फिल्म ‘अल्फा’ की तैयारी में जुटी हुई हैं। यह एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जिसमें वह एक जासूस (स्पाई) के किरदार में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री शरवरी वाघ भी मुख्य भूमिका में हैं।