अल्बानीज़ का हमला: “सुसान लेय को अपने ही साथी कमजोर कर रहे हैं”

अल्बानीज़ का हमला: “सुसान लेय को अपने ही साथी कमजोर कर रहे हैं”

कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया में नेट ज़ीरो लक्ष्य को खत्म करने के बाद शुरू हुए राजनीतिक संग्राम में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने विपक्ष की नेता सुसान लेय पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि “वह स्पष्ट रूप से अपने ही दल के नेताओं द्वारा कमजोर की जा रही हैं।”

हालिया रेडब्रिज सर्वे के अनुसार, सुसान लेय के नेतृत्व में कोएलिशन की प्राथमिक वोटिंग 24 प्रतिशत तक गिर चुकी है, जो अब तक का सबसे निचला स्तर है। वहीं लेबर पार्टी ने बढ़त बढ़ाते हुए दो-पक्षीय पसंदगी में 10 अंकों का बढ़त बना ली है।
प्रधानमंत्री अल्बानीज़ को इस सर्वे में 40 प्रतिशत समर्थन मिला है, जबकि लेय मात्र 10 प्रतिशत पर रह गई हैं।

“मैं दया नहीं, जीत चाहता हूं” – अल्बानीज़

मेलबर्न के नोवा रेडियो से बातचीत में अल्बानीज़ ने लेय के प्रति सहानुभूति जताने से इनकार करते हुए कहा:
“अगर मेरी टीम आधे समय में 10 गोल से आगे हो, तो मैं चाहता हूं कि हम 20 गोल से जीतें। राजनीति भी ऐसी ही है—कठिन और बेदर्द।”

उन्होंने आगे कहा कि कोएलिशन इस समय “पूरी तरह अव्यवस्थित और बिखरी हुई” दिख रही है।
अल्बानीज़ के अनुसार, विपक्ष ने एक ऐसी ऊर्जा नीति घोषित की, जिस पर उसके अपने वरिष्ठ नेता ऐन रसटन ने सवाल उठा दिए—हालांकि बाद में रसटन ने इसे “गलतफहमी” बताते हुए स्पष्टीकरण दिया और लेय के समर्थन का दावा किया।

लेय की कुर्सी पर संकट गहराया

नेट ज़ीरो नीति हटाने के फैसले के बाद लेय की नेतृत्व क्षमता पर सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को उन्होंने और नेशनल्स नेता डेविड लिट्लप्राउड ने नई ऊर्जा नीति की घोषणा की, जिसमें—

  • कोयला संयंत्रों के लिए सरकारी सब्सिडी,

  • परमाणु ऊर्जा पर लगे प्रतिबंध हटाने,

  • और ऑस्ट्रेलियन एनर्जी मार्केट ऑपरेटर (AEMO) के जलवायु लक्ष्यों को समाप्त करने

जैसे प्रस्ताव शामिल थे।

लिबरल पार्टी के भीतर कई मध्यमार्गी सांसदों को यह निर्णय कट्टरपंथी गुट के दबाव में लिया गया कदम लगता है। इसी बीच एंगस टेलर और एंड्रयू हैस्टी के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव ने संभावित नेतृत्व चुनौती की अटकलों को हवा दी है।

“किसी लीडरशिप स्पिल का डर नहीं” – लेय

सोमवार सुबह चैनल सेवन के कार्यक्रम सनराइज़ में लेय से संभावित नेतृत्व परिवर्तन (स्पिल) पर सवाल किया गया, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पार्टी अगला चुनाव जीतने के लिए “ऊर्जा नीति पर केंद्रित” है।