1 सितंबर से बंद होगी एयर इंडिया की वॉशिंगटन उड़ानें, जानिए वजह

1 सितंबर से बंद होगी एयर इंडिया की वॉशिंगटन उड़ानें, जानिए वजह

नई दिल्ली, 11 अगस्त 2025 — एयर इंडिया ने दिल्ली से वॉशिंगटन डीसी के लिए अपनी सीधी उड़ान सेवा 1 सितंबर 2025 से अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने इस फैसले के पीछे दो प्रमुख कारण बताए हैं—बोइंग 787-8 विमानों का बड़े पैमाने पर अपग्रेडेशन और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के लगातार बंद रहने से लंबी दूरी की उड़ानों पर पड़ रहा असर।

एयर इंडिया फिलहाल अपने 26 बोइंग 787-8 विमानों में यात्री सुविधा और तकनीकी सुधार का काम कर रही है। यह अपग्रेडेशन 2026 के अंत तक पूरा होने की संभावना है, जिसके चलते कई विमान लंबे समय तक उड़ान संचालन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

पाकिस्तान के एयरस्पेस पर जारी पाबंदी भी इस निर्णय का अहम कारण है। इस वजह से वॉशिंगटन जैसी लंबी दूरी की उड़ानों का मार्ग लंबा हो जाता है, जिससे ईंधन लागत और परिचालन जटिलता दोनों बढ़ जाती हैं।

यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड या वैकल्पिक बुकिंग
एयर इंडिया ने कहा है कि 1 सितंबर 2025 के बाद की सभी बुकिंग वाले यात्रियों से संपर्क किया जाएगा और उन्हें दो विकल्प दिए जाएंगे—वैकल्पिक फ्लाइट में बुकिंग या टिकट का पूरा पैसा वापस।

हालाँकि, यात्री अब भी एयर इंडिया के इंटरलाइन पार्टनर्स—अलास्का एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस, डेल्टा एयरलाइंस—के माध्यम से न्यूयॉर्क (JFK), नेवार्क, शिकागो या सैन फ्रांसिस्को होते हुए वॉशिंगटन डीसी जा सकेंगे। इन कनेक्शन फ्लाइट्स में एक ही टिकट पर यात्रा और सामान सीधे अंतिम गंतव्य तक भेजने की सुविधा उपलब्ध होगी।

उत्तर अमेरिका के अन्य शहरों के लिए सेवा जारी
वॉशिंगटन रूट बंद होने के बावजूद एयर इंडिया उत्तर अमेरिका के छह शहरों के लिए नॉन-स्टॉप उड़ानें जारी रखेगी, जिनमें टोरंटो और वैंकुवर भी शामिल हैं।

एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा, “हम यह कदम मुख्य रूप से बेड़े में नियोजित कमी और परिचालन कारणों से उठा रहे हैं। बोइंग 787-8 अपग्रेडेशन से यात्रियों को भविष्य में बेहतर सुविधा और अनुभव मिलेगा।”