एयर इंडिया ने दूर की तकनीकी खामियां: देशभर में चेक-इन सिस्टम बहाल, उड़ानें समय पर संचालित

एयर इंडिया ने दूर की तकनीकी खामियां: देशभर में चेक-इन सिस्टम बहाल, उड़ानें समय पर संचालित

देश के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर मंगलवार देर शाम तकनीकी गड़बड़ी के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चेक-इन सिस्टम ठप होने से टर्मिनलों पर लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को निर्धारित समय से काफी पहले एयरपोर्ट पहुंचने के बावजूद परेशानी उठानी पड़ी। सोशल मीडिया पर भी यात्रियों ने देरी और अव्यवस्था को लेकर अपनी नाराज़गी जताई।

एयर इंडिया ने देर रात स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह दिक्कत उनके थर्ड-पार्टी चेक-इन सिस्टम में आई अस्थायी खराबी के कारण हुई थी। एयरलाइन ने तकनीकी टीमों की मदद से समस्या को दुरुस्त कर लिया है और बताया कि सिस्टम अब पूरी तरह बहाल हो चुका है

कंपनी के अनुसार, “सभी एयरपोर्ट्स पर चेक-इन प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है और किसी भी उड़ान में देरी नहीं हो रही है। सभी उड़ानें निर्धारित समय पर संचालित की जा रही हैं।” एयर इंडिया ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि अब उनकी यात्रा में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

तकनीकी रुकावट के कारण हुई असुविधा के लिए एयरलाइन ने खेद भी व्यक्त किया है और यात्रियों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।