नई दिल्ली। रविवार सुबह दिल्ली से इंदौर के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2913 को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, टेकऑफ के तुरंत बाद कॉकपिट क्रू को दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए इंजन बंद कर दिया और विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित रहे। यात्रियों को अब इंदौर भेजने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है।
विमान को फिलहाल विस्तृत तकनीकी जांच के लिए रोक दिया गया है। एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी मानक कदम उठाए गए।