तेहरान/बंदर अब्बास।
ईरान के प्रमुख बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के राजई बंदरगाह पर शनिवार को एक भीषण धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक कम से कम 406 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भीषण आग की लपटें और धुएं के घने गुबार देखे जा सकते हैं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, धमाका बंदरगाह के एक गोदाम क्षेत्र में हुआ, जहां पेट्रोलियम और अन्य ज्वलनशील सामग्री संग्रहित थी। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों की कई टीमें मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अब तक धमाके के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा तकनीकी खराबी या किसी मानवीय चूक के कारण हो सकता है। मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
गौरतलब है कि राजई बंदरगाह ईरान का सबसे व्यस्त और रणनीतिक महत्व का व्यापारिक केंद्र है। इस हादसे से बंदरगाह का संचालन भी प्रभावित हुआ है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगी है।
स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से प्रभावित क्षेत्र के आसपास न जाने की अपील की है और राहत कार्य तेजी से जारी है।