वियतनाम की प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast (विनफास्ट) ने भारतीय बाजार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए गुजरात के सूरत शहर में अपना पहला शोरूम लॉन्च कर दिया है। यह शोरूम भारतीय सहायक कंपनी VinFast Auto India द्वारा शुरू किया गया है और यह भारत में कंपनी के पहले इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना से पहले का अहम कदम है।
विनफास्ट की योजना 2025 के अंत तक भारत के 27 शहरों में कुल 35 डीलरशिप खोलने की है। सूरत में शुरू हुआ यह पहला शोरूम इस रणनीति की शुरुआत है। कंपनी तेजी से भारतीय बाजार में अपने नेटवर्क को विस्तार देने की दिशा में काम कर रही है।
सूरत स्थित शोरूम करीब 3,000 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है और इसे ग्राहकों को एक प्रीमियम अनुभव देने के लिहाज से डिजाइन किया गया है। यहां ग्राहकों को न केवल बेहतरीन इलेक्ट्रिक एसयूवी की रेंज देखने को मिलेगी, बल्कि एक सहज खरीद प्रक्रिया और मजबूत आफ्टर-सेल्स सपोर्ट भी उपलब्ध कराया जाएगा।
शोरूम में कंपनी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी रेंज प्रदर्शित की जाएगी, जिसमें खासतौर पर VF6 और VF7 मॉडल शामिल हैं। इन दोनों मॉडलों की प्री-बुकिंग 15 जुलाई से शुरू कर दी गई है। इच्छुक ग्राहक इन गाड़ियों को ₹21,000 की राशि जमा करके बुक कर सकते हैं, जो कि पूरी तरह रिफंडेबल है।